Varanàsi : जादूगर सिकंदर के शो ने काशीवासियों को किया मंत्रमुग्ध

वाराणसी। 16 नवंबर – अपनी जादुई प्रतिभा से पूरे विश्व में पहचान बना चुके सुपरस्टार इंटरनेशनल जादूगर सिकंदर ने काशी की पावन धरती पर अपने मोहक प्रदर्शन से दर्शकों को फिर से मंत्रमुग्ध कर दिया। नटराज सिनेमा, रथयात्रा, सिगरा में उनके विश्व प्रसिद्ध शो का भव्य आगाज हुआ।

शो का उद्घाटन वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी जी ने किया। अपने संबोधन में महापौर ने जादूगर सिकंदर की तारीफ करते हुए कहा, “कला और विज्ञान का ऐसा अद्भुत समन्वय देखने लायक है। जादू की यह परंपरा हमारे देश में पी.सी. सरकार जैसे महान जादूगरों ने शुरू की, और अब सिकंदर जैसे कलाकार इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं। उनका प्रदर्शन हैरतअंगेज और लाजवाब है।”

शो में सिकंदर ने दर्शकों को अपने चमत्कारी करतबों से अचंभित कर दिया। कभी लड़की को हवा में गायब करना, तो कभी पलक झपकते ही खुद को दर्शकों के बीच प्रकट कर देना—ऐसे अद्भुत जादू के नज़ारे काशीवासियों ने पहली बार देखे। “डायनासोर का अफ्रीकी मैजिक” और “भारतीय जादू” जैसे विशेष प्रस्तुतियां दर्शकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहीं।
शो में शहर के कई राजनेता, समाजसेवी, और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। जादूगर सिकंदर का यह शो रोजाना दोपहर 2 बजे और शाम 6 बजे आयोजित होगा। रविवार और अवकाश के दिनों में यह शो दिन में चार बार—12:30 बजे, 3 बजे, 5:30 बजे और 7:45 बजे—प्रदर्शित होगा।
टिकट की सुविधा नटराज सिनेमा पर उपलब्ध है और ऑनलाइन बुकिंग के लिए दर्शक www.jadugarsikandar.com पर जाकर टिकट खरीद सकते हैं।