उत्तर प्रदेशवाराणसी

25 हजार के इनामी समेत दो आरोपी गिरफ्तार, टीजीटी परीक्षा में साल्वर गैंग का खुलासा

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। चेतगंज थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित टीजीटी परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थियों को बैठाकर परीक्षा दिलाने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, प्रवेश पत्र, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, सिम कार्ड समेत अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चेतगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से चौकाघाट स्थित लकड़ीमंडी के पास से बिहार निवासी दौलत कुमार और नितीश कुमार को गिरफ्तार किया। दौलत कुमार पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार, 4 जून 2026 को टीजीटी परीक्षा में मूल अभ्यर्थी के स्थान पर दूसरे व्यक्ति को बैठाकर परीक्षा दिलाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में पहले ही एक साल्वर और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। विवेचना के दौरान दौलत कुमार और नितीश कुमार की भूमिका सामने आई थी।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे प्रतियोगी परीक्षाओं में अभ्यर्थियों से धन लेकर साल्वर की व्यवस्था करते थे तथा फर्जी आधार कार्ड और एडमिट कार्ड उपलब्ध कराकर परीक्षा दिलाने का कार्य करते थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, दो प्रवेश पत्र, पांच आधार कार्ड की प्रतियां, 14 एटीएम कार्ड, चार पैन कार्ड, एक ब्लैंक चेक, तीन सिम कार्ड और तीन फोटो बरामद किए हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक विकल शांडिल्य, उपनिरीक्षक वैभव शुक्ला, कांस्टेबल रितिक राज, अनुज कुमार तथा सर्विलांस सेल के कांस्टेबल प्रशांत तिवारी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button