Jaunpur News: नदी में 15 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से क्षेत्र में फैली सनसनी

जौनपुर । जफराबाद थाना क्षेत्र के धनेजा घाट के समीप बुधवार को नदी में एक 15 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना मिलने पर मौके पर भीड़ जमा हो गई। जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बता दे की धनेजा घाट के पास सई नदी के स्थित नरई बाबा का मंदिर है। लोग वहां दर्शन पूजन करने के साथ ही नदी में नहाने के लिए जाते हैं। वहां से थोड़ी दूरी पर ग्रामीणों ने एक किशोरी का शव देखा। उन्होंने शोर किया तो काफी संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई।इस बाबत थाना प्रभारी सुरेंद्रनाथ सिंह भी मयफोर्स मौके पर पहुंच गए। पुलिस सक्रिय हुई तो पता चला कि बगल के ही गांव परियावां शहजादपुर में मृतका की बुआ का घर है। पुलिस ने इसकी जानकारी वहां दी। उसकी पहचान जलालपुर थाना क्षेत्र के बहरीपुर गांव निवासी रामजीत यादव की पुत्री अन्नू यादव के रूप में हुई। जो कक्षा नौ व उसकी छोटी बहन सन्नो कक्षा आठ में राजकीय विद्यालय सलखापुर में पढ़ती थीं। दोनों बहनें परियावां शहजादपुर में अपने फूफा रमेश यादव के घर रहकर पढ़ाई कर रही थीं। परिजनों ने बताया कि अन्नू यादव दो अप्रैल मंगलवार की भोर में करीब साढ़े चार बजे से गायब थी। उसकी खोजबीन में माता-पिता व बुआ के घर वाले लगे थे।



