Varanasi : रिक्रूट आरक्षियों के साथ चौक थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने की बैठक, महत्वपूर्ण पुलिस ऐप्स की दी जानकारी

Shekhar pandey
वाराणसी। चौक थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने थाना परिसर में रिक्रूट आरक्षियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक के दौरान नव नियुक्त आरक्षियों को पुलिस कार्यों में उपयोग होने वाले विभिन्न डिजिटल माध्यमों एवं तकनीकी संसाधनों की जानकारी दी गई। थाना प्रभारी ने आरक्षियों को यक्ष ऐप, ई-समन ऐप तथा अन्य महत्वपूर्ण पुलिस ऐप्स के संचालन और उनके उपयोग के बारे में विस्तार से बताया।

उन्होंने कहा कि आधुनिक पुलिसिंग में तकनीक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी पुलिसकर्मियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग में दक्ष होना चाहिए। बैठक में आरक्षियों को ऐप्स के माध्यम से होने वाले कार्यों, ऑनलाइन प्रक्रिया, सूचना प्रबंधन एवं विभागीय कार्यों के त्वरित निष्पादन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही उन्हें अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा जनता के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने की भी सीख दी गई। चौक थाना प्रभारी ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का उपयोग कर आरक्षी कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। बैठक में थाना के अन्य पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे।







