दिवंगत मुख्य आरक्षी की पत्नी को मिला 20 लाख का बीमा चेक

Shekhar pandey
वाराणसी। गंभीर बीमारी से दिवंगत मुख्य आरक्षी स्व. रवि प्रकाश सिंह के आश्रित परिवार को शुक्रवार को 20 लाख रुपये की बीमा धनराशि का चेक प्रदान किया गया। पुलिस ऑफिस में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल और बैंक ऑफ बड़ौदा के आरबीडीएम धर्मेंद्र कुमार ने दिवंगत पुलिसकर्मी की पत्नी को चेक सौंपा।
पुलिस आयुक्त ने दिवंगत पुलिसकर्मी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी विषम परिस्थितियों में रहकर समाज की सुरक्षा और सेवा का दायित्व निभाते हैं। ऐसे कर्मनिष्ठ पुलिसकर्मियों के परिवारों की सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी लगातार जनसेवा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समर्पित रहते हैं। किसी अप्रत्याशित घटना की स्थिति में उनके परिवारों को आर्थिक और सामाजिक संबल देना बेहद जरूरी है।
पुलिस आयुक्त ने बैंक ऑफ बड़ौदा के पुलिस सैलरी पैकेज की सराहना करते हुए बताया कि योजना के तहत दुर्घटना बीमा कवरेज को बढ़ाकर 2.30 करोड़ रुपये तक किया गया है। इससे पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को कठिन समय में आर्थिक सुरक्षा और सहायता मिल सकेगी।







