बंद मकान में चोरी का खुलासा, 15 मुकदमों में वांछित आरोपी गिरफ्तार

Shekhar pandey
चेतगंज पुलिस ने 1.17 लाख रुपये किए बरामद
वाराणसी। चेतगंज थाना पुलिस ने बंद मकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 1 लाख 17 हजार रुपये बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वाराणसी कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में चोरी समेत कई गंभीर धाराओं में 15 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को वादी ने थाना चेतगंज में तहरीर दी थी कि जगतगंज-नाटी इमली क्षेत्र स्थित दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी और आभूषण चोरी कर लिए। मामले में थाना चेतगंज पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना और सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने अंकुर चौबे उर्फ लुलिया चौबे, पुत्र जयप्रकाश चौबे, निवासी काशीपुरा कॉलोनी, छित्तूपुर, थाना लंका, वाराणसी को 18 जुलाई 2026 को लकड़ी मंडी तिराहा, चौकाघाट स्थित संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की बाउंड्री के पास से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि 7 और 8 जुलाई की रात उसने अपने साथियों के साथ मिलकर जगतगंज-नाटी इमली क्षेत्र में एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की थी। आरोपी के अनुसार, चोरी में करीब 1.05 लाख रुपये नकद और आभूषण मिले थे। आभूषणों को राह चलते लोगों को कम कीमत में बेच दिया गया, जबकि नकदी आपस में बांट ली गई थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 1,17,000 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ वर्ष 2021 से 2026 तक चोरी, माल बरामदगी, धोखाधड़ी, मारपीट और अन्य धाराओं में कुल 15 मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 20 वर्ष बताई गई है। मामले में पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक संदीप सिंह, उपनिरीक्षक विकल शाण्डिल्य, कांस्टेबल पुनीत कुमार और सर्विलांस सेल के कांस्टेबल प्रशान्त तिवारी शामिल रहे।







