Varanasi : पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिस लाइन में चल रहे आरटीसी प्रशिक्षण का किया निरीक्षण

Shekhar pandey
वाराणसी, निष्पक्ष काशी । पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल द्वारा शुक्रवार 10 अक्टूबर को पुलिस लाइन में चल रहे आरटीसी प्रशिक्षण का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, अनुशासन, शारीरिक दक्षता एवं कानून संबंधी ज्ञान की परख की तथा प्रशिक्षण को अधिक व्यावहारिक और प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने कहा कि पुलिस प्रशिक्षण केवल ज्ञान या शारीरिक दक्षता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनसेवा, अनुशासन और संवेदनशीलता की भावना को गढ़ने की प्रक्रिया है।
रिक्रूट महिला आरक्षियों से बीएनएस व बीएनएसएस की प्रमुख धाराओं जैसे 64/65(1) (2) (बलात्कार), 103(1) (हत्या), 74 (छेड़खानी), 309(4) (लूट) एवं 310(2) (डकैती) आदि पर प्रश्नोत्तर के माध्यम से जानकारी ली गई। पुलिस आयुक्त द्वारा प्रशिक्षण संस्थान में स्थापित स्मार्ट क्लास का निरीक्षण कर आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण को सशक्त बनाने हेतु सुधारात्मक सुझाव दिए गए तथा प्रशिक्षणरत आरक्षियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों पर आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। इस दौरान पुलिस उपायुक्त (लाइन) प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त (लाइन) वैभव बांगर, सहायक पुलिस आयुक्त (लाइन) ईशान सोनी व प्रतिसार निरीक्षक सहित सम्बन्धित अधिकारी / कर्मचारीगण उपस्थित रहे।



