उत्तर प्रदेशवाराणसी

गोपाष्टमी पर काशी में होगा भव्य ‘गौ महिमा महोत्सव’, गोपेश बाबा के सान्निध्य में संतों व गौसेवकों का संगम

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी गोपाष्टमी के पावन अवसर पर श्री कृष्ण कुमार खेमका (गीता प्रेस) के संरक्षण में 26 से 29 अक्टूबर 2025 तक काशी में भव्य गौ महिमा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन प्रतिदिन सायं 6 बजे से 8 बजे तक श्री काशी विश्वनाथ (नया) मंदिर गोशाला, बिरदोपुर, महमूरगंज में सम्पन्न होगा।कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिदिन गौ पूजन, गौ भक्तमाल कथा, संतों का आशीर्वचन, गौ वैज्ञानिकों एवं शोधकर्ताओं के उद्बोधन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं प्रसाद वितरण होगा। गौ महिमा महोत्सव के दौरान अलंकार आर्ट फाउंडेशन के तत्वावधान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। वहीं बनारस यूथ थिएटर द्वारा धर्मसम्राट स्वामी करपात्री महाराज के नेतृत्व में 1966 में हुए गौ रक्षा आंदोलन एवं गोलीकांड पर आधारित विशेष नाट्य लीला का मंचन किया जाएगा, जो काशी के संतों के बलिदान और गौ माता की महिमा को प्रदर्शित करेगा।

पूरा महोत्सव वृंदावन के प्रसिद्ध संत, परम गौ उपासक गोपेश कृष्ण दास (गोपेश बाबा) के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता में संपन्न होगा। पूज्य गोपेश बाबा देशभर में गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए सक्रिय हैं। उनके निर्देशन में चल रहे गौ महिमा महोत्सव अभियान के अंतर्गत इस वर्ष काशी में यह आयोजन किया जा रहा है। जगद्गुरु द्वाराचार्य मलूकपीठाधीश्वर राजेंद्रदास देवाचार्य महाराज के कृपापात्र शिष्य संत रसराज दास महाराज (वृंदावन) गौ भक्तमाल कथा का वाचन करेंगे। वे गौवंश के वेदविहित स्वरूप, गौ माता के जीवन में महत्व, संतों के जीवन में गौ भक्ती से जुड़ी घटनाओं और गौ संरक्षण की प्रेरणादायी गाथाओं पर प्रकाश डालेंगे।

गोपेश बाबा की अध्यक्षता में पूर्वांचल के सभी गौशाला प्रमुखों, गोसेवकों एवं गोरक्षा संगठनों की एक विशेष समन्वय बैठक भी आयोजित की जाएगी। इसमें गोरक्षा के क्षेत्र में एकजुट होकर कार्य करने की रणनीति पर विचार-विमर्श होगा तथा देशव्यापी गौहत्या बंदी के लिए ठोस योजना तैयार की जाएगी। पत्रकार वार्ता में कृष्ण कुमार खेमका के प्रतिनिधि एवं कार्यक्रम संयोजक अखिलेश, डॉ ओ पी सिंह, डॉ वैभव जायसवाल, वृंदावन से पधारे गोपाल दास महाराज, सनातन केसरी, गोरक्ष प्रांत प्रमुख लल्लन कुंवर सिंह, सत्येंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button