Varanasi : मणिकर्णिका विवाद पर सीएम योगी का पलटवार: कांग्रेस पर आस्था अपमान का आरोप

Shekhar Pandey
वाराणसी। मणिकर्णिका घाट पर चल रहे विकास कार्य और उससे जुड़े विवाद के बीच शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक दिवसीय दौरें पर काशी पहुंचे। काशी विश्वनाथ मंदिर एवं बाबा काल भैरव मंदिर पहुंच कर विधीवत दर्शन पूजन किया। सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस मे उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार भारत की आस्था को अपमानित करती रही है। मठ-मंदिर के विवादित मुद्दे उठाकर सनातनी जनता को दिग्भ्रमित करने का काम हो रहा है, विश्व मे माता अहिल्याबाई के सम्मान को ठेस पहुंचाया जा रहा है। कांग्रेस ने कभी भी विरासत का सम्मान नहीं किया।
अपने शासन के समय में कभी भी विकास के काम को आगे नहीं बढ़ाया। आज जब देश और खासताैर से काशी नगरी विकास के पथ पर अग्रसर है तो तमाम तरह के अड़ंगे लगाए जा रहे हैं। सीएम ने कहा कि काशी विश्वनाथ मंदिर के सुंदरीकरण के दाैरान भी कुछ ऐसा ही माहाैल बनाया गया था। उस वक्त विरोध करने वाले लोग भी आज काॅरिडोर में जाकर बाबा विश्वनाथ का सुविधाजनक आशीर्वाद ले रहे हैं। मंदिर से पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिला है, इस बात को हर देशवासी समझ रहा है। सिर्फ कांग्रेस के लोग इसे नहीं समझ पा रहे हैं। सीएम योगी के घाट निरीक्षण को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। सतुआ बाबा आश्रम से मणिकर्णिका घाट तक रेड कार्पेट बिछाया गया, सुबह से ही यातायात प्रतिबंध और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थें। घाट और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।



