Varanasi : लालपुर पाण्डेयपुर पुलिस ने दो अभियुक्तों को किया गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

Shekhar pandey
वाराणसी। थाना लालपुर पाण्डेयपुर पुलिस ने नकबजनी की एक घटना का सफल खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात सहित चोरी का अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा अपराधों के सफल अनावरण एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त वरुणा ज़ोन के निर्देशन एवं अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा ज़ोन के पर्यवेक्षण में की गई। सहायक पुलिस आयुक्त कैंट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दोनों अभियुक्तों को पकड़ा।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विशाल कुमार (निवासी आजमगढ़, हाल पता सारनाथ) एवं रितेश चौरसिया (निवासी चन्दौली, हाल पता सारनाथ) के रूप में हुई है। दोनों को दिनांक 03 फरवरी 2026 की रात्रि लगभग 11:50 बजे गोईठहा मटरू पार्क के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार दिनांक 23 जनवरी 2026 को वादिनी द्वारा थाना लालपुर पाण्डेयपुर में तहरीर दी गई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर में घुसकर दूसरी मंज़िल पर रखी तिजोरी व अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। मामले में मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना की जा रही थी।
गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से जेवरात, लैपटॉप, कैमरा, मोबाइल फोन, बर्तन, कपड़े, नकद धनराशि तथा चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



