Varanasi : महाशिवरात्रि पर श्रद्धालु-उन्मुख पुलिसिंग, काशी विश्वनाथ धाम में सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण

Shekhar Pandey : 8175874935
वाराणसी। महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों के तहत पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल ने बुधवार को काशी विश्वनाथ धाम स्थित त्र्यम्बकेश्वर हॉल में गोष्ठी आयोजित कर पुलिस कर्मियों को सॉफ्ट स्किल का विशेष प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य श्रद्धालु-उन्मुख, संवेदनशील एवं गरिमामय पुलिसिंग सुनिश्चित करना है।

पुलिस आयुक्त ने निर्देशित किया कि सभी पुलिसकर्मी प्रत्येक श्रद्धालु को “सर” एवं “मैडम” कहकर सम्मानपूर्वक संबोधित करें। मंदिर के प्रवेश द्वारों पर तैनात पुलिसकर्मी हाथ जोड़कर श्रद्धालुओं का अभिवादन एवं स्वागत करेंगे, ताकि आध्यात्मिक वातावरण के अनुरूप सौहार्दपूर्ण छवि स्थापित हो सके।
उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु लंबी यात्रा और प्रतीक्षा के कारण अधीर हो सकते हैं, किंतु पुलिस को हर परिस्थिति में संयमित, विनम्र और सकारात्मक व्यवहार बनाए रखना होगा। श्रद्धालुओं की काउंसलिंग धैर्यपूर्वक की जाए तथा आवश्यक जानकारी शालीनता से प्रदान की जाए।
पुलिस कर्मियों को जनपद वाराणसी की प्रमुख व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों एवं महत्वपूर्ण स्थलों की जानकारी स्पष्ट रूप से देने के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, दिव्यांगजन और दूरदराज से आए श्रद्धालुओं को प्राथमिकता के आधार पर सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।
मंदिर परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों के व्यवहार की सीसीटीवी के माध्यम से कंट्रोल रूम में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सतत निगरानी की जाएगी। किसी भी प्रकार की अभद्रता अथवा अनुचित आचरण पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि वर्दी केवल अनुशासन का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और विश्वास का दायित्व भी है। महाशिवरात्रि जैसे पावन पर्व पर प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित और आत्मीय अनुभव प्रदान करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



