पिशाचमोचन कुंड का होगा कायाकल्प, श्रद्धालुओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

Shekhar Pandey
वाराणसी। नगर निगम पौराणिक महत्व वाले पिशाचमोचन कुंड (तालाब) के सौंदर्यीकरण और कायाकल्प की तैयारी में जुट गया है। इसी क्रम में रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने तालाब की नियमित सफाई कराने के साथ ही उसके चारों ओर बने पाथवे को आकर्षक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काशी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यहां विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। पाथवे के किनारे आकर्षक वाल पेंटिंग कराने, श्रद्धालुओं के बैठने के लिए बेंच लगाने तथा धूप और बारिश से बचाव के लिए कैनोपी (शेड) बनाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही रात के समय कुंड की सुंदरता बढ़ाने के लिए पाथवे पर फैंसी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।

नगर आयुक्त ने पिशाचमोचन कुंड के पास स्थित पार्क के सुंदरीकरण कार्यों का भी जायजा लिया और मंदिर की ओर छठ पूजा के लिए एक व्यवस्थित स्थान विकसित करने को कहा, ताकि पर्व-त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
दशाश्वमेध-गोदौलिया मार्ग होगा रोशन

नगर आयुक्त ने दशाश्वमेध-गोदौलिया चौराहे पर लगे वाटर फव्वारों को तत्काल चालू कराने के निर्देश दिए। साथ ही दशाश्वमेध घाट जाने वाले मार्ग पर लगी मौजूदा सौर लाइटों के स्थान पर अधिक रोशनी वाली फैंसी लाइटें लगाने का निर्देश दिया। इसके अलावा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर द्वार के पास होलिका दहन स्थल पर क्षतिग्रस्त पत्थरों को भी जल्द ठीक कराने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान उपसभापति नरसिंह दास, पार्षद इंद्रेश सिंह, मनीष गुप्ता, श्रवण गुप्ता, अमरेश कुमार, मुख्य अभियंता आर.के. सिंह सहित मार्ग प्रकाश, जलकल विभाग के अधिकारी और अन्य निगम कर्मचारी मौजूद रहे।



