गंगा में नाव पर इफ्तार पार्टी, चिकन बिरयानी के अवशेष फेंकने के आरोप में 14 युवक हिरासत में
Shekhar Pandey
वाराणसी। शहर में गंगा नदी के बीच नाव पर इफ्तार पार्टी करना कुछ युवकों को महंगा पड़ गया। चिकन बिरयानी खाने और उसके अवशेष गंगा में फेंकने के आरोप में पुलिस ने 14 युवकों को हिरासत में लिया है। मामले में कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने कोतवाली थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कुछ युवक गंगा नदी के बीच नाव पर इफ्तार पार्टी कर रहे थे और चिकन बिरयानी के अवशेष गंगा में फेंक रहे थे। तहरीर के साथ घटना का एक वीडियो भी साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपा गया है।

शिकायत में कहा गया है कि इस घटना से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और आम जनमानस में आक्रोश है। साथ ही संबंधित नाव चालक के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उसका लाइसेंस निरस्त करने की मांग की गई है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
थाना प्रभारी दयाशंकर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में 14 युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



