दो लाख के आभूषण चोरी करने वाला युवक गिरफ्तार

Shekhar Pandey
वाराणसी। रोहनिया थाना पुलिस ने चोरी के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब दो लाख रुपये के चोरी किए गए आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक धर्मेंद्र (20) पुत्र शंकर निवासी ग्राम करसड़ा थाना रोहनिया है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चोरी, लूट और नकबजनी की घटनाओं के अनावरण तथा वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रोहनिया पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार को खुशीपुर अंडरपास के पास से धर्मेंद्र को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 15 मार्च को वह अपने दोस्त अमन के घर गया था। वहीं मौका पाकर उसने अलमारी में रखे जेवरात चोरी कर लिए और अपने घर में छिपा दिए थे। गुरुवार को वह उन जेवरों को बेचने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो पायल, एक करधनी, दो छाड़ा, एक मंगलसूत्र और एक नथिया सहित विभिन्न आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह, उपनिरीक्षक महेंद्र यादव, उपनिरीक्षक दिनेश सिंह, हेड कांस्टेबल अखिलेश कुमार, कांस्टेबल रानू कुमार और सर्विलांस सेल के कांस्टेबल पंकज शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।






