चैत्र नवरात्र के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

Shekhar Pandey
वाराणसी । चैत्र नवरात्रि पर्व के प्रथम दिवस के पावन अवसर पर गुरुवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक वातावरण के मध्य शिवार्चानाम मंच पर एक भव्य संस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट गणमान्यों, मंदिर न्यास के अधिकारीयों एवं कार्मिकों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया I
इस अवसर पर देश के ख्यातिलब्ध कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में पद्मश्री ऋत्विक सान्याल द्वारा ध्रुपद गायन प्रस्तुत किया गया, जिसमें उनकी गंभीर एवं आध्यात्मिक शैली ने वातावरण को भक्ति रस से ओत-प्रोत कर दिया। तत्पश्चात श्रीमती सुनंदा शर्मा ने भजन गायन के माध्यम से भक्तों को भाव-विभोर किया।



कार्यक्रम के अंतर्गत श्री राजेंद्र गंगानी द्वारा प्रस्तुत कथक नृत्य ने भारतीय शास्त्रीय नृत्य की उत्कृष्ट परंपरा का जीवंत प्रदर्शन किया। इस सांस्कृतिक संध्या के माध्यम से नवरात्रि के पावन पर्व की गरिमा को और अधिक सुदृढ़ किया गया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति प्राप्त हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शकगण उपस्थित रहे। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।


