सिंचाई राजस्व अधिकारी संघ का चुनाव सम्पन्न, मृत संवर्ग पदों के पुनर्जीवन की उठी मांग

Shekhar Pandey
वाराणसी, 30 मार्च 2026। वरुणापुरम् सिंचाई कॉलोनी, सिगरा स्थित संघ भवन में सिंचाई राजस्व अधिकारी संघ के मण्डल वाराणसी का द्विवार्षिक अधिवेशन एवं जनपदीय चुनाव कार्यक्रम रविवार देर रात तक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र प्रताप श्रीवास्तव ने की, जबकि संचालन शशिकांत श्रीवास्तव ने किया।
अधिवेशन में वर्ष 2016 में गठित सातवें वेतन आयोग द्वारा सिंचाई विभाग के उप राजस्व अधिकारी के 45 एवं जिलेदार के 222 पदों को मृत संवर्ग घोषित कर नियुक्तियों पर लगी रोक का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। संघ ने इन पदों को पुनर्जीवित करने, जिलेदार से उप राजस्व अधिकारी पद पर डीपीसी आयोजित कराने तथा लंबित सेवा नियमावली में संशोधन की मांग उत्तर प्रदेश सरकार से की।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान गहमागहमी के बीच मण्डल स्तर पर रविशंकर प्रजापति को अध्यक्ष एवं अजय प्रभाकर को मण्डल मंत्री चुना गया। जनपद वाराणसी में संतोष कुमार सिंह जिलाध्यक्ष तथा आलोक कुमार दूबे सचिव निर्वाचित हुए। वहीं जौनपुर जनपद में अजय कुमार को जिलाध्यक्ष और जय प्रकाश को जिला सचिव पद पर सर्वसम्मति से चयनित किया गया।
चुनाव अधिकारी प्रदेश महामंत्री हरेश्वर शर्मा ने निर्वाचन सम्पन्न कराया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
अधिवेशन में वाराणसी, जौनपुर, चंदौली एवं गाजीपुर जनपदों के उप राजस्व अधिकारी एवं जिलेदार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों का माल्यार्पण, बैज, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।







