इफको का नैनो उर्वरक जागरूकता अभियान 21 अप्रैल को वाराणसी पहुंचेगा

Nispaksh kashi Report
वाराणसी। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से इफको द्वारा चलाया जा रहा देशव्यापी नैनो उर्वरक जागरूकता महा अभियान 21 अप्रैल 2026 को वाराणसी पहुंचेगा। अभियान का शुभारंभ नई दिल्ली में इफको के अध्यक्ष दिलीप संघाणी ने पांच नैनो प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर किया।
यह अभियान देश के 19 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 560 जिलों और 3,477 तहसीलों में संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत प्रचार रथ विभिन्न जिलों में पहुंचकर किसानों को नैनो उर्वरकों के उपयोग और उनके लाभों के बारे में जानकारी देंगे।
इफको वाराणसी के प्रमुख डॉ. विवेक दीक्षित ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में इस अभियान के तहत सभी ब्लॉक और न्याय पंचायत स्तर पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। किसानों को नैनो उर्वरकों के उपयोग की विधि, लाभ और इससे होने वाले उत्पादन वृद्धि के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि नैनो उर्वरक पारंपरिक रासायनिक उर्वरकों का एक प्रभावी विकल्प है, जिसे प्रधानमंत्री द्वारा “भविष्य का स्मार्ट उर्वरक” बताया गया है। इसके प्रयोग से कम लागत में अधिक उत्पादन संभव है, साथ ही पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को नई तकनीकों से जोड़ते हुए उनकी आय में वृद्धि करना और टिकाऊ खेती को प्रोत्साहित करना है।











