RTC योजना के तहत पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल का 7 किमी पैदल निरीक्षण, यातायात सुधार के सख्त निर्देश

Shekhar pandey
वाराणसी। मोहित अग्रवाल (पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट वाराणसी) ने मंगलवार को शहर में बढ़ते यातायात दबाव को नियंत्रित करने के उद्देश्य से लागू Reducing Traffic Congestion (RTC) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत प्रमुख मार्गों का पैदल निरीक्षण किया। यह निरीक्षण अंधरापुल से लहरतारा होते हुए मण्डुआडीह चौराहा तक लगभग 7 किलोमीटर क्षेत्र में किया गया, जहां यातायात व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि प्रमुख चौराहों पर जिग-जैग बैरिकेडिंग लगाकर सघन चेकिंग की जाए, ताकि संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच सुनिश्चित हो सके। उन्होंने शहर में संचालित ऑटो व टोटो चालकों के लिए बारकोड प्रणाली को अनिवार्य रूप से लागू कराने पर जोर दिया, जिससे उनकी पहचान और निगरानी बेहतर हो सके।
RTC योजना के तहत शहर के चिन्हित 10 प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को रूट मार्शल के रूप में नियुक्त किया गया है। इनकी जिम्मेदारी संबंधित थाना और चौकी प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित कर यातायात को निर्बाध बनाए रखना है, विशेषकर पीक आवर्स के दौरान।
पैदल निरीक्षण के दौरान मार्गों पर अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए उसे तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही बिना नंबर प्लेट, रांग साइड चलने और तीन सवारी जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया। मुख्य मार्गों पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण या अवरोध के लिए संबंधित थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी को पूर्णतः उत्तरदायी ठहराया गया है।
इसके अलावा, अवैध ऑटो और रिक्शा स्टैंडों को चिन्हित कर हटाने तथा व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि सड़कों पर अव्यवस्था समाप्त हो और यातायात सुगम हो सके।
इस दौरान गौरव बंशवाल (पुलिस उपायुक्त काशी जोन), प्रमोद कुमार (पुलिस उपायुक्त वरूणा जोन), अनिल कुमार यादव (पुलिस उपायुक्त यातायात) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी और यातायात पुलिस बल मौजूद रहे।











