एडीसीपी नम्रता श्रीवास्तव के नेतृत्व में चौक पुलिस की सघन चेकिंग, बुलानाला से घाटों तक सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

Shekhar pandey
वाराणसी। शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में सीओ/एडीसीपी नम्रता श्रीवास्तव के नेतृत्व में सोमवार को चौक थाना पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग और निरीक्षण अभियान चलाया।
चौक थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा ने अपने हमराहियों के साथ चौक क्षेत्र से लेकर बुलानाला तक व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की गई। वहीं सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को भी हटवाया गया तथा लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा न करने की सख्त हिदायत दी गई।
चेकिंग अभियान के बाद थाना प्रभारी ने क्षेत्र के प्रमुख घाटों का भी निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। घाटों पर आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और हर गतिविधि पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और दुकानदारों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए कहा गया।
चौक थाना पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत नजर आई। थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा ने कहा कि आमजन की सुरक्षा, शांति व्यवस्था और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में लगातार गश्त, चेकिंग और निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा।







