वाराणसी में पीडब्ल्यूडी परियोजनाओं की सीएम योगी ने की समीक्षा, बरसात से पहले कार्य पूरे करने के निर्देश

Shekhar pandey
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की। सर्किट हाउस सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों और अभियंताओं को निर्देश दिया कि बरसात से पहले सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि वाराणसी परिक्षेत्र में लगभग 7175 करोड़ रुपये की लागत से 2630 परियोजनाएं संचालित हैं। इनमें 687 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 542 परियोजनाएं 90 प्रतिशत से अधिक पूर्णता की स्थिति में हैं। वाराणसी जिले में 3223 करोड़ रुपये की लागत से 421 परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिनमें 85 पूर्ण हो चुकी हैं तथा 158 परियोजनाएं अंतिम चरण में हैं।
मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना को कार्ययोजना में शामिल करने से पहले उसकी वित्तीय स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया पूरी होनी चाहिए। साथ ही मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारियों को नियमित समीक्षा कर निर्माण कार्यों की प्रगति पर नजर रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने सड़कों की मरम्मत से पूर्व सर्वे कराने तथा नगर निगम को शहरी क्षेत्रों की सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराने को कहा। जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए प्रस्तावों को भी कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में चंदौली में निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स तथा वाराणसी की प्रस्तावित यूनिटी मॉल परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने दोनों परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने पर जोर दिया।
बैठक में प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित पीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।







