उत्तर प्रदेशवाराणसी

पुलिस लाइन में जल्द बनेगा कमिश्नरेट भवन, सरोवर का होगा सौंदर्यीकरण

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन का भ्रमण कर विभिन्न विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता, अनुशासन, रखरखाव और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि प्रभावी पैरवी के बाद शासन से पुलिस लाइन के सामने पूर्व एमटी की जमीन पर 64 करोड़ रुपये की लागत से कमिश्नरेट भवन के निर्माण को स्वीकृति मिली है। इसके अलावा अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था, अपर पुलिस आयुक्त अपराध समेत राजपत्रित अधिकारियों के लिए 32 आवासों के निर्माण के लिए 34 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है। वीआईपी ड्यूटी में आने वाले राजपत्रित अधिकारियों के ठहरने के लिए छह कमरों वाले ट्रांजिट हॉस्टल को भी मंजूरी मिली है।

उप निरीक्षक स्तर के पुलिसकर्मियों के लिए टाइप-2 आवासों का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसका करीब 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। पुलिस लाइन में 1.5 करोड़ रुपये की लागत से मीटिंग हॉल, 100 कर्मचारियों के लिए बैरक और 500 कर्मचारियों की ब्रीफिंग के लिए सभागार का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा बैडमिंटन कोर्ट के जीर्णोद्धार का कार्य भी कराया गया है।

निरीक्षण के दौरान रेडियो शाखा परिसर में गंदगी मिलने पर पुलिस आयुक्त ने नाराजगी जताई और तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस लाइन के आंतरिक मार्गों और महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश भी दिए।

पुलिस लाइन स्थित सरोवर के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार करने, क्रिकेट ग्राउंड में फ्लड लाइट लगाने तथा मेस में रोटी बनाने के लिए ऑटोमैटिक रोटी मेकिंग प्लांट स्थापित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही चिल्ड्रेन पार्क, परेड ग्राउंड, आदर्श बैरक और आरओ प्लांट का निरीक्षण कर नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा गया।

निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान पुलिस आयुक्त ने कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीसीपी लाइन प्रमोद कुमार, एडीसीपी लाइन वैभव बांगर, एसीपी लाइन गौरव कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button