कानून शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए रहे प्रतिष्ठित, एलएलएम में गोल्ड मेडल पाने वाले पहले छात्र

बीएचयू के पूर्व डीन प्रो. डॉ. आर.ए. मालवीय का निधन,
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के विधि महाविद्यालय के पूर्व डीन प्रोफेसर डॉ. आर.ए. मालवीय का शुक्रवार को देर रात्रि में लंका स्थित आवास पर निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे और पिछले करीब 15 दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन से परिवार, शुभचिंतकों और शिक्षा जगत में शोक की लहर है। उनका अंतिम संस्कार शनिवार की रात करीब नौ बजे हरिश्चंद्र घाट पर किया गया। मुखाग्नि उनके पुत्र डॉ. अमित मालवीय ने दी। वह अपने पीछे पुत्र, पुत्री, नाती-पोते सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।उनकी शवयात्रा में भारी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक, अधिवक्ता, पत्रकार, आदि लोग शामिल रहे। डॉ. आर.ए. मालवीय विधि शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखते थे। वह बीएचयू के विधि महाविद्यालय से एलएलएम में गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले प्रथम विद्यार्थी बताये जाते हैं। साथ ही बीएचयू से विधि विषय में शोध करने वाले प्रारंभिक शोधकर्ताओं में भी उनका विशेष स्थान रहा। उन्होंने ‘इंटरनेशनल लॉ एंड मरीन पॉल्यूशन’ नामक पुस्तक का लेखन भी किया। विधि महाविद्यालय में वह अनुशासनप्रिय और सख्त प्रोफेसर के रूप में प्रतिष्ठित थे। अपने पैतृक गांव शुकुल का पूरवा, जिला फैजाबाद (वर्तमान अयोध्या) में भी वह सम्मानित एवं प्रतिष्ठित व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे।वे काशी पत्रकार संघ के मंत्री आलोक मालवीय व आज परिवार के सदस्य अरुण मालवीय जी के बड़े बहनोई थे।







