शिक्षक दिवस पर याद किए गए स्व. पंचानन राय, सेवानिवृत्त शिक्षकों को किया गया सम्मानित

Shekhar pandey
वाराणसी। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की वाराणसी इकाई की ओर से नई सड़क स्थित शिक्षक भवन में श्रद्धांजलि सभा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व महामंत्री, शिक्षाविद् एवं समाजसेवी स्व. पंचानन राय की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत स्व. पंचानन राय के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। उपस्थित शिक्षकों एवं शिक्षाविदों ने उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और शिक्षक हितों के लिए किए गए योगदान को याद किया। इस दौरान उनके आदर्शों एवं विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
इसके बाद 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त हुए माध्यमिक एवं संस्कृत शिक्षा जगत के शिक्षकों का माल्यार्पण कर अंगवस्त्रम भेंट करते हुए सम्मान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इन शिक्षकों ने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ समाज निर्माण में भी अहम भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शरफुद्दीन ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री अखिलेश कुमार पाण्डेय ने किया। सभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र ने कहा कि शिक्षक समाज के मार्गदर्शक होते हैं और उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक हितों के सजग प्रहरी स्व. पंचानन राय भले ही आज हमारे बीच शारीरिक रूप से उपस्थित नहीं हैं, लेकिन उनका यश और उनके विचार आज भी समाज का मार्गदर्शन कर रहे हैं। शिक्षा एवं समाज के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
कार्यक्रम में मंडलीय अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, प्रदेशीय कार्यकारिणी सदस्य विनोद शंकर पाण्डेय, नयन लाल मिश्र, वंशनारायण सिंह, शिवेन्द्र दूबे, विवेक मिश्र, विनोद पाण्डेय, राजेश श्रीवास्तव, कमलेश कुमार, डॉ. राजेश राय, गिरिजेश तिवारी, धीरेन्द्र चौधरी, जेवना राय, अनंत त्रिपाठी, विनोद मिश्र, सुभाष शुक्ल, सेवानंद रस्तोगी, संजय मिश्र, शीतला प्रसाद यादव, शिवाकांत पाण्डेय, सुषमा मिश्रा, अरविन्द राय, कड़ू राम, देवेन्द्र गोस्वामी, पवन मिश्र, श्यामजीत सिंह यादव, डॉ. प्रमोद कुमार पाण्डेय, रमेश सिंह, अखिलेश श्रीवास्तव, दया शंकर, कैलाश, संजय श्रीवास्तव, वंदना चौबे, सुषमा श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अंत में जिलाध्यक्ष शरफुद्दीन ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया और सभा के समापन की घोषणा की।







