भगवान लड्डू गोपाल श्री विशेश्वर के साथ विराजे

Nispaksh kashi
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम में घटित हुआ दुर्लभ, अविस्मरणीय एवं पुण्यदायी क्षण , जिसने समस्त भक्तों के मन को श्रद्धा, भक्ति और आनंद से अभिभूत कर दिया।
अत्यंत हर्षोल्लास एवं समारोहपूर्वक मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पश्चात् प्रातःकाल भगवान श्री काशी विश्वनाथ की मंगला आरती के पावन अवसर पर श्री विश्वेश्वर के दिव्य स्वरूप के साथ लड्डू गोपाल ने भी भक्तों को एक साथ दर्शन दिए। महादेव के सौम्य, सुंदर, कल्याणकारी श्री विश्वनाथ स्वरूप की मंगलकारी मंगला आरती आराधना में भगवान् लड्डू गोपाल श्री विश्वेश्वर के साथ विराजे। यह अलौकिक दृश्य भक्तों के लिए श्रद्धा, प्रेम और आध्यात्मिक आनंद का अद्वितीय अवसर बना। श्री विश्वेश्वर के अनुग्रह एवं कन्हैया के अनुराग से समस्त सनातन आस्था के श्रद्धालु निरंतर समृद्ध हों, उनका जीवन सुख, शांति, श्रद्धा एवं भक्ति से परिपूर्ण हो तथा सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना निरंतर सशक्त होती रहे—इसी मंगलकामना के साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास सोल्लास अपनी शुभेच्छाएँ प्रेषित करता है।







