उत्तर प्रदेशवाराणसी

ऑटो में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा

Shekhar pandey

Advertisements

एक पुरुष समेत चार आरोपी गिरफ्तार, दो चेन, 27 हजार नकद और स्कॉर्पियो बरामद

वाराणसी। लालपुर-पाण्डेयपुर थाना पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने ऑटो व ई-रिक्शा में सफर करने वाली महिलाओं को निशाना बनाकर चेन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक पुरुष समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पीली धातु की दो चेन, दो मोबाइल फोन, 27 हजार रुपये नकद और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को एक महिला ने लालपुर-पाण्डेयपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि काली माता मंदिर के पास से वह ऑटो में सवार हुई थी। ऑटो में पहले से मौजूद तीन महिलाओं ने बातचीत में उलझाकर उसका ध्यान भटकाया और इसी दौरान उसके गले से चेन चोरी कर ली।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना के आधार पर 16 सितंबर को आजमगढ़ रोड स्थित ऑटो स्टैंड से आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बैजनाथ उर्फ बैजू (50) निवासी फरसार, थाना बड़हलगंज, गोरखपुर, सीमा (30) निवासी करवनिया, थाना बड़हलगंज, गोरखपुर, पिंकी (28) निवासी सोहराबाद, थाना रौनापार, आजमगढ़ और कुसुम (30) निवासी करवनिया, थाना बड़हलगंज, गोरखपुर के रूप में हुई है।

पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग जनपदों में ऑटो और ई-रिक्शा से यात्रा करने वाली महिलाओं को निशाना बनाते थे। गिरोह की महिलाएं यात्रियों को बातचीत में उलझाकर उनका ध्यान भटकाती थीं और इसी दौरान गले में पहनी चेन अथवा पास रखा सामान चोरी कर लिया जाता था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वाराणसी के लालपुर-पाण्डेयपुर क्षेत्र में काली माता मंदिर के पास एक महिला की चेन चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी एक अन्य घटना को अंजाम देने की फिराक में थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पीली धातु की चेन, दो मोबाइल फोन, 27 हजार रुपये नकद और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है। मामले में थाना लालपुर-पाण्डेयपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सीमा, पिंकी और कुसुम के विरुद्ध वाराणसी के अलावा आजमगढ़ और जौनपुर जनपदों में भी चोरी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं बैजनाथ उर्फ बैजू के विरुद्ध भी लालपुर-पाण्डेयपुर थाने में संबंधित अभियोग दर्ज है।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रोशन कुमार, उपनिरीक्षक श्यामनरायण, हेड कांस्टेबल चन्द्रशेन सिंह, हेड कांस्टेबल विनीत सिंह, कांस्टेबल दिनेश सिंह, निरंजन कुमार, दीपक गोंड, महिला कांस्टेबल अनीता सरोज, गुड़िया, कुमारी अन्नू तथा सर्विलांस सेल के कांस्टेबल बृजेश यादव और अनुपम सिंह शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button