ऑपरेशन मुस्कान के तहत जीआरपी को मिला 8 वर्षीय बालक, चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंपा

Shekhar pandey
बनारस रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान मिला बिहार का बालक, जीआरपी ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित संरक्षण की व्यवस्था की
वाराणसी। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और नाबालिग बच्चों की मदद के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी बनारस चौकी पुलिस ने आठ वर्षीय बालक को संरक्षण में लेकर चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के सुपुर्द किया। पुलिस की इस कार्रवाई में बालक की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभाग को सूचना देकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया में जीआरपी की टीम नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर एक बालक पर पड़ी, जो स्टेशन परिसर में घूम रहा था। पुलिस टीम ने बालक को अपने संरक्षण में लेकर उससे पूछताछ की। बालक ने अपना नाम अजमत इब्राहिम, उम्र करीब आठ वर्ष, निवासी फुलवरिया, पटना, बिहार बताया।
बालक के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए जीआरपी ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन कैंट वाराणसी के सुपरवाइजर शिवम सिंह तथा चाइल्ड हेल्पलाइन वाराणसी के केस वर्कर कृष्ण कुमार पटेल बनारस चौकी पहुंचे। इसके बाद जीआरपी ने बालक को आवश्यक कार्रवाई के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के सुपुर्द कर दिया।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज जोन एन. कोलान्ची और पुलिस अधीक्षक रेलवे अनुभाग प्रयागराज प्रशांत वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में की गई। पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुंवर प्रभात सिंह के निकट पर्यवेक्षण तथा जीआरपी कैंट के प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर के निर्देशन में टीम स्टेशन परिसर में चेकिंग कर रही थी।
कार्रवाई करने वाली टीम में बनारस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार ओझा, हेड कांस्टेबल धीरेन्द्र चौबे, कांस्टेबल महेश विश्वकर्मा और कांस्टेबल शुभम यादव शामिल रहे।







