बिछड़ी ओड़िसा निवासी बालिका को कुछ ही घंटों में सुरक्षा कर्मियों ने खोज कर परिजनों को किया सुपुर्द

Ashutosh pandey
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम में आज दिनांक 17 अक्टूबर, 2026 को दर्शन के उपरांत अपने परिवार से बिछड़ी ओडिशा निवासी आठ वर्षीय बालिका को मंदिर में तैनात sis सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से सकुशल उसके परिजनों से मिलाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओडिशा से श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन हेतु आए श्री लोकनाथ भुई की आठ वर्षीय पुत्री राखी भुई दर्शन के उपरांत अपने परिजनों से बिछड़ गई। बालिका के बिछड़ने की जानकारी मिलते ही धाम में तैनात एसआईएस के सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल संज्ञान लेते हुए उसकी सहायता की।
सुरक्षा कर्मियों द्वारा बालिका से पूछताछ किए जाने पर उसने अपने पिता का दूरभाष नंबर बताया। इसके आधार पर सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल उसके पिता से संपर्क स्थापित किया तथा आवश्यक समन्वय के उपरांत बालिका को उसके परिजनों से सकुशल मिलवा दिया।
परिवार के पुनर्मिलन के उपरांत मंदिर प्रशासन द्वारा संबंधित दंपत्ति एवं उनकी आठ वर्षीय पुत्री को पुनः बाबा श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन कराया गया। दर्शन-पूजन के उपरांत परिवार को सकुशल धाम से प्रस्थान कराया गया।
अपनी पुत्री को सकुशल पाकर परिजनों ने राहत व्यक्त की तथा सुरक्षा कर्मियों एवं मंदिर प्रशासन की तत्परता, सहयोग और संवेदनशीलता के प्रति आभार जताया।
श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मंदिर प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कर्मी निरंतर सजग रहते हैं, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित दर्शन का अनुभव प्राप्त हो सके ।







