Varanasi : भाजपा की प्रतिशोध की राजनीति के खिलाफ कांग्रेस लड़ेगी निर्णायक लड़ाई: अलका लांबा

Shekhar pandey
वाराणसी। नेशनल हेराल्ड मामला भाजपा द्वारा ध्यान भटकाने, बरगलाने और तथ्यों को तोड़-मरोड़ने का एक प्रयास है। देश के सामने मौजूद महत्वपूर्ण मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाना। अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाना। स्वतंत्रता संग्राम को तोड़-मरोड़ कर पेश करना और देश की विरासत का अपमान करना है। उक्त बातें महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा व वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री अलका लांबा ने सोमवार को अंधरापुल स्थित होटल रिजेंसी के सभागार में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस दौरान कही।
उन्होंने पत्रकारों से कहा कि हाल ही में हुए कांग्रेस पार्टी के ऐतिहासिक गुजरात अधिवेशन से बौखलाए मोदी-शाह की जोड़ी ने फिर से कांग्रेस पार्टी पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अपनी पसंदीदा आपराधिक वसूली मशीन को छोड़ दिया है।कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दायर तथाकथित आरोप पत्र कुछ और नहीं बल्कि विशुद्ध राजनीतिक षड्यंत्र है। गांधी परिवार का हर सदस्य चाहे वह राजनीति में हो या नहीं भाजपा द्वारा निशाना बनाया जा रहा है।
लांबा ने कहा कि विडंबना यह है कि पहली बार मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप ऐसे मामले में लगाए जा रहे हैं, जिसमें एक भी पैसा या संपत्ति हस्तांतरित नहीं की गई है। बैलेंस शीट को कर्ज मुक्त बनाने के लिए कर्ज को इक्विटी में बदला जाता है। यह एक आम प्रथा है और पूरी तरह से कानूनी है। जब पैसा ही नहीं है, तो लॉन्ड्रिंग कहां है? ये एक षड्यंत्रकारी राजनीतिक ठगी है। मोदी सरकार ने ईडी को अपना इलेक्शन डिपार्टमेंट बना लिया है और बेशर्मी से और बार-बार प्रतिशोध के लिए इसका दुरुपयोग कर रही है। ईडी के मामलों में सजा की दर सिर्फ 1% है। इसके अलावा, ईडी ने जो राजनीतिक मामले दर्ज किए हैं, उनमें से 98% मामले सत्ताधारी पार्टी के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ हैं। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के परिवार के खिलाफ मनगढ़ंत मामलों में की जा रही साजिश, सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग से कम नहीं है। फ़र्जी और झूठे मामलों के माध्यम से नेतृत्व और उनके परिवारों को निशाना बनाकर, भाजपा सरकार कांग्रेस पार्टी को दबाने की पूरी कोशिश कर रही है। एक मात्र ताकत जो लगातार लोगों के साथ और इस देश की आत्मा के लिए खड़ी रही है। यह लोकतांत्रिक विपक्ष पर सीधा और खतरनाक हमला है। यह प्रधानमंत्री और गृह मंत्री द्वारा राजनीतिक धमकी का एक भद्दा प्रयास है। यह बदले की राजनीति का सबसे बुरा रुप है।
उन्होंने कहा कि चाहे वे हमें कितना भी चुप कराने की कोशिश करें, हम चुप नहीं होंगे। जो लोग दूसरों को डराने की कोशिश करते हैं, वे खुद डरे हुए हैं। यह एक राजनीतिक साजिश है, और कांग्रेस पार्टी इसका सीधे सामना करेगी। सत्य की जीत होगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, संजीव सिंह आदि कांग्रेसजन मौजूद थे।