Balia : राजकीय पॉलिटेक्निक बांसडीह में दो दिवसीय वार्षिक खेल उत्सव संपन्न

बांसडीह, बलिया। राजकीय पॉलिटेक्निक बांसडीह में दो दिवसीय वार्षिक खेल उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। खेल उत्सव का शुभारंभ कॉलेज के प्रधानाचार्य अभिषेक आनंद ने किया, जबकि पूरे आयोजन का सशक्त संचालन मैकेनिकल विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विश्व दीपक द्विवेदी के नेतृत्व में हुआ।
खेल उत्सव के दौरान क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, दौड़ और रस्सा-कसी जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पुरुष वर्ग की क्रिकेट प्रतियोगिता में मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
छात्राओं की क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग तथा फैशन डिजाइन एवं गारमेंट टेक्नोलॉजी विभाग की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग की टीम विजेता बनी। वहीं, छात्राओं की 200 मीटर दौड़ में कंप्यूटर साइंस विभाग की खुशबू यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
खेलों में बालिकाओं की भागीदारी विशेष रूप से सराहनीय रही। समापन अवसर पर विजेता एवं प्रतिभागी छात्रों को प्रधानाचार्य अभिषेक आनंद और विभागाध्यक्ष डॉ. विश्व दीपक द्विवेदी द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन से विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क की भावना को प्रोत्साहन मिला।



