Prayagraj News: लोकसभा सीट पर 40 साल बाद कांग्रेस के प्रत्याशी उज्जवल सिंह को मिली जीत , आखिरी बार अमिताभ ने कांग्रेस से लड़ी थी चुनाव

प्रयागराज । लोकसभा सीट पर 40 साल बाद कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले उज्ज्वल रमण सिंह ने 40 हजार से ज्यादा वोटो के अंतर से भाजपा के प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी पर निर्णायक बढ़त बनाते हुए चुनाव जीत गए । उज्ज्वलरमण सिंह ने यह चुनाव जीत कर कांग्रेस की 40 साल पुरानी प्रतीक्षा का अंत कर दिया। 1984 में आखिरी बार कांग्रेस यहां से जीत दर्ज कर पाई थी। उसके बाद से यह सीट कांग्रेस के खाते में कभी नहीं आई। दरअसल, साल 1984 के लोकसभा चुनाव में इलाहाबाद सीट से लोकदल के टिकट पर पूर्व मुख्यमंत्री हेमवंती नंदन बहुगुणा चुनाव लड़ रहे थे।
उनसे यह सीट छीन पाना काफी मुश्किल काम था। ऐसे में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने अपने बचपन के मित्र और मेगास्टार अमिताभ बच्चन से आग्रह किया कि वह इस सीट से चुनाव लडे़ं। दोस्त के आग्रह पर अमिताभ बच्चन चुनाव में खड़े हो गए। बच्चन और बहुगुणा के अलावा इस सीट पर कुल 24 प्रत्याशी खड़े थे। चुनाव काफी जोरदार हुआ और कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर अमिताभ बच्चन ने यहां से इतनी बड़ी जीत दर्ज की, जिसकी बराबरी आज तक कोई नहीं कर पाया है। इस चुनाव में बच्चन और बहुगुणा के अलावा शेष 24 उम्मीदवारों में से किसी को भी 1% वोट भी नहीं मिले। बच्चन ने बहुगुणा को 1 लाख 87 हजार 895 वोटों से हराया, जो एक रिकॉर्ड भी है।
इतने बड़े अंतर से यह सीट किसी और ने नहीं जीती। भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी इस रिकॉर्ड के सबसे करीब पहुंचे थे, जब उन्होंने साल 1996 के चुनावों में सरोज दुबे को 1 लाख 3 हजार 523 वोटों से हराया।बता दें कि इलाहाबाद लोकसभा सीट हमेशा से ही महत्वपूर्ण सीट रही है, जहां से पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री और वीपी सिंह, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा, पूर्व केंद्रीय मंत्री जनेश्वर मिश्र, पूर्व केंद्रीय मानव संसाधन और विकास मंत्री मुरली मनोहर जोशी, पूर्व राज्य सरकार के मंत्री और एचएन बहुगुणा की बेटी रीता बहुगुणा जोशी जैसे राजनीतिक दिग्गजों ने चुनाव लड़ा है।