Varanasi : अंतराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के उपलक्ष्य में बरेका महिला कल्याण संगठन द्वारा गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन

Shekhar pandey
वाराणसी , निष्पक्ष काशी ।बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में आज अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के उपलक्ष्य में बरेका महिला कल्याण संगठन द्वारा एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया । जिसमें बरेका में कार्यरत ऐसे 16 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने संस्था में 20 वर्षों की सेवा पूरी की है या जो सेवानिवृत्ति के समीप हैं। यह आयोजन न केवल श्रम और समर्पण को सम्मानित करने की पहल थी, बल्कि कार्यस्थल पर भावनात्मक जुड़ाव और प्रेरणा का भी जीवंत उदाहरण बना।
कार्यक्रम का शुभारंभ महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती हीमा चौहान सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा, “इन श्रमिकों के समर्पण और अनुशासन से ही बरेका की नींव मजबूत बनी है। यह संगठन सदैव अपने श्रमिक बंधुओं के कल्याण और उत्साहवर्धन हेतु प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम को विशेष रूप से संगीतमय और सांस्कृतिक रूप में सजाया गया। श्रीमती सुजाता सिंह ने बांसुरी वादन से वातावरण को मधुरता से भर दिया, जबकि श्रीमती आदि श्री द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण कविता पाठ ने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। इसके अतिरिक्त, संगठन की सदस्याओं द्वारा प्रस्तुत समूह गायन ने श्रम की गरिमा और एकजुटता की भावना को सुंदर रूप में प्रस्तुत किया। इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्षा श्रीमती गौरी श्रीवास्तव, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्याएँ श्रीमती गुरमीत कौर, श्रीमती प्राची मित्तल, श्रीमती चित्रा सिंह, श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव, श्रीमती शिखा जैन, श्रीमती राखी गुप्ता, श्रीमती अनुप्रिया सिंह, श्रीमती प्रियंका प्रसाद, श्रीमती अंजू गुप्ता, श्रीमती आदिश्री गुप्ता, श्रीमती अर्चना तिवारी तथा श्रीमती ऋचा कारीढाल की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को भव्यता प्रदान की।
पूरे कार्यक्रम का संचालन महिला कल्याण संगठन की सचिव श्रीमती श्वेता सिंह ने सहज, सटीक और प्रभावशाली ढंग से किया। उनके संचालन ने कार्यक्रम की प्रत्येक प्रस्तुति को भावनात्मक स्पर्श और प्रवाह प्रदान किया। यह आयोजन न केवल बरेका के श्रमिकों के प्रति सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि यह संदेश भी दिया कि बरेका की पहचान उसमें कार्यरत हर वर्ग के कर्मचारी के परिश्रम और योगदान से ही बनती है।
उल्लेखनीय है कि बरेका ने इस वित्तीय वर्ष 2024 – 25में अब तक का सर्वाधिक 477 रेल इंजनों का निर्माण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया हैं।