उत्तर प्रदेशवाराणसी

बीएचयू मालवीय चौराहे पर सफाईकर्मियों का प्रदर्शन, सड़क पर कूड़ा फेंक जताया विरोध

Shekhar pandey

वाराणसी। बीएचयू स्थित मालवीय प्रतिमा चौराहे के पास बुधवार को नगर निगम के सफाईकर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। विरोध स्वरूप कर्मचारियों ने सड़क पर कूड़ा फेंककर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते लंका क्षेत्र के आसपास गंदगी फैल गई, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

Advertisements

प्रदर्शन कर रहे सफाईकर्मियों का कहना था कि वे रोज सुबह से देर शाम तक शहर को स्वच्छ रखने के लिए मेहनत करते हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि अन्य विभागों के कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया जा रहा है, जबकि सफाईकर्मियों के वेतन में कटौती की जा रही है। उनका कहना है कि मौजूदा महंगाई में कम वेतन पर परिवार चलाना बेहद कठिन हो गया है।

कर्मचारियों ने कहा कि हर मौसम में शहर की सफाई व्यवस्था को बनाए रखना उनकी जिम्मेदारी है और वे नगर की स्वच्छता व्यवस्था की अहम कड़ी हैं, इसके बावजूद उन्हें उचित सुविधाएं और सम्मान नहीं मिल रहा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि देशभर में सफाईकर्मियों के सम्मान की बातें की जाती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।

प्रदर्शन के दौरान सफाईकर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। कर्मचारियों ने प्रशासन से जल्द वार्ता कर समाधान निकालने की मांग की। प्रदर्शन के चलते कुछ समय तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button