उत्तर प्रदेशवाराणसी

बेनियाबाग में युवक की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Shekhar pandey

वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र के बेनियाबाग हरिजन बस्ती में सोमवार तड़के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब युवक घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था। वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस को घटनास्थल से दो खोखे बरामद हुए हैं।

Advertisements

मृतक की पहचान राजन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह मिर्जापुर के नारायणपुर से बेनियाबाग आया था। बताया जा रहा है कि परिवार में आगामी 20 जून को एक मांगलिक कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसके सिलसिले में वह यहां ठहरा हुआ था।

परिजनों के मुताबिक, घटना के समय राजन अपने पुत्र के साथ चारपाई पर सो रहा था। देर रात अज्ञात हमलावर ने उसे निशाना बनाकर गोली मार दी। हैरानी की बात यह रही कि पास में सो रहे पुत्र को वारदात की जानकारी तक नहीं हो सकी।

घटना की सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए काशी जोन के डीसीपी गौरव बंसवाल, एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी तथा चौक थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ की तथा जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button