चेतगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹6.82 लाख की जालसाजी मामले में पिता-पुत्र गिरफ्तार, XUV300 भी बरामद

Shekhar pandey
वाराणसी। पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चेतगंज पुलिस ने जालसाजी और धोखाधड़ी के एक मामले में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान समीर धवन (50 वर्ष) और उसके पुत्र मनन धवन (21 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों कानपुर नगर के गोविंद नगर थाना क्षेत्र स्थित वृंदाधाम कॉलोनी के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्तों पर अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर कूटरचित दस्तावेज तैयार करने तथा धोखाधड़ी कर ₹6,82,700 का गबन करने का आरोप है। इस संबंध में थाना चेतगंज में मु0अ0सं0-102/2026 एवं 103/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना और सर्विलांस सेल से प्राप्त इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने 14 जुलाई 2026 को कानपुर नगर स्थित उनके आवास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें वाराणसी लाकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त महिंद्रा XUV300 चार पहिया वाहन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध चेतगंज थाने में इसी प्रकार के जालसाजी से जुड़े अन्य मुकदमे भी दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक अली अतहर (चौकी प्रभारी तेलियाबाग), उपनिरीक्षक भरत पाण्डेय, कांस्टेबल अनिल कुमार तथा सर्विलांस सेल के कांस्टेबल अश्वनी कुमार शामिल रहे।







