Varanasi : स्मार्ट/प्रीपेड मीटर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार पर शोषण का आरोप

Shekhar Pandey
वाराणसी। वाराणसी समेत पूरे उत्तर प्रदेश में स्मार्ट/प्रीपेड मीटर के नाम पर हो रहे उत्पीड़न के खिलाफ आज महानगर एवं जिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को सिगरा पेट्रोल पंप के समीप महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाल गंगाधर तिलक की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं संकल्प के बाद सभी लोग जुलूस के रूप में अभियंता (वितरण) कार्यालय की ओर कूच किए, जहां प्रदर्शन कर अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के उपरांत जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल एवं महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि प्रदेश में बिजली विभाग द्वारा स्मार्ट/प्रीपेड मीटर के नाम पर आम जनता का सुनियोजित आर्थिक शोषण किया जा रहा है, जो पूरी तरह जनविरोधी और असंवेदनशील नीति का परिचायक है। बिना उपभोक्ताओं की सहमति के पुराने मीटर हटाकर जबरन प्रीपेड मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे गरीब, किसान, मजदूर एवं मध्यम वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। यह व्यवस्था उपभोक्ताओं को राहत देने के बजाय उन्हें असुरक्षा और अनिश्चितता के माहौल में धकेल रही है। भारतीय जनता पार्टी सरकार के संरक्षण में निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से यह नीति लागू की जा रही है, जबकि आम जनता की समस्याओं और शिकायतों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रीपेड मीटर प्रणाली में लगातार तकनीकी खामियां, गलत बिलिंग और रिचार्ज से जुड़ी परेशानियां सामने आ रही हैं, जिनका समाधान समय पर नहीं हो रहा है।
प्रदर्शन में राजेश्वर सिंह पटेल, राघवेंद्र चौबे, प्रजानाथ शर्मा, फसाहत हुसैन बाबू, सतनाम सिंह, सजीव सिंह, वीरेन्द्र कपूर, अरुण सोनी, गिरीश पाण्डेय, राजीव राम, वकील अंसारी, दिलीप चौबे, देवेन्द्र प्रताप सिंह, रामकेश यादव, घनश्याम सिंह, सुनील राय, असलम खां, संतोष चौरसिया, हसन मेहदी कब्बन ,राज खां, प्रमोद वर्मा, हाजी इस्लाम, मनोज वर्मा, संतोष मौर्य, नरसिंह दास वर्मा, अब्दुल हमीद, राजेन्द्र गुप्ता, आशिष केशरी, रोहित दुबे, आकाश त्रिपाठी, हिमांशु सिंह, अनिल पटेल, आनंद चौबे, शमसाद अहमद, रोहित मौर्य, आशिष पटेल, रोशन श्रीवास्तव, पुलक त्रिपाठी, चक्रवर्ती पटेल, रामजी गुप्ता, विकास पाण्डेय, विशाल तिवारी, शिवाजी मौर्य, लक्ष्मी नारायण यादव समेत सैकड़ो कार्यकर्ता शामिल रहे।












