उत्तर प्रदेशवाराणसी

चेन लूटकांड का खुलासा: चौक पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, 1.02 लाख रुपये और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। चौक थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने चेन लूट की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने के लॉकेट की बिक्री से प्राप्त 1 लाख 2 हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या UP65BQ5253 बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को एक महिला ने चौक थाने में तहरीर देकर बताया था कि सरोजा पैलेस के सामने सड़क पार करते समय बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उसके गले से हार छीन लिया। मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक सौरभ साही को सौंपी गई थी।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आलोक मिश्रा (21 वर्ष), निवासी रमदत्तपुर, थाना लालपुर पांडेयपुर और विकास पांडेय (26 वर्ष), निवासी आजमगढ़, हाल पता पांडेयपुर को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 5 जुलाई को उन्होंने बाइक से सरोजा पैलेस के पास एक महिला के गले से चेन लूटी थी। बाद में लूटे गए सोने के लॉकेट को उन्होंने 1 लाख 2 हजार रुपये में राह चलते व्यक्ति को बेच दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बिक्री से प्राप्त रकम और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली।

गिरफ्तारी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) और 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में चौक थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक सौरभ साही, अभिमंत्रण त्रिमूर्ति, संदीप कुमार सिंह, पुष्कर दूबे, उपनिरीक्षक पंकज कुमार सिंह समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे। इसके अलावा एसओजी और सर्विलांस टीम ने भी गिरफ्तारी एवं बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button