Blogउत्तर प्रदेशराष्ट्रीय

UP News : यूपी में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

निष्पक्ष काशी

Advertisements

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि राज्य में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और लोगों को घबराकर अतिरिक्त खरीदारी करने की आवश्यकता नहीं है।

राज्य स्तरीय समन्वयक, ऑयल इंडस्ट्री, उत्तर प्रदेश के अनुसार प्रदेशभर में ईंधन आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है। टर्मिनल, डिपो और पेट्रोल पंपों तक सप्लाई चेन बिना किसी बाधा के जारी है। वर्तमान में प्रदेश में 13,168 पेट्रोल पंप और 28 सप्लाई डिपो सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

तेल कंपनियों के मुताबिक प्रतिदिन औसतन 20 टीकेएल पेट्रोल और 33 टीकेएल डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। डिपो और रिटेल आउटलेट्स पर इतना स्टॉक मौजूद है कि लगभग 14 दिनों की मांग पूरी की जा सकती है। इसके साथ ही रिफाइनरियों से लगातार नए स्टॉक की आपूर्ति भी जारी है।

एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति भी सामान्य बनी हुई है। प्रदेश के लगभग 4.88 करोड़ उपभोक्ताओं को 4,143 वितरकों और 36 बॉटलिंग प्लांट्स के जरिए सेवाएं दी जा रही हैं। प्रतिदिन करीब 8 लाख एलपीजी रिफिल उपभोक्ताओं तक पहुंचाई जा रही हैं। कंपनियों ने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के साथ अस्पताल, रेलवे, रक्षा प्रतिष्ठान, होटल और शैक्षणिक संस्थानों जैसी आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर निर्बाध आपूर्ति दी जा रही है।

तेल कंपनियों ने बताया कि एलपीजी सेवाओं में डिजिटलीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। करीब 95 प्रतिशत बुकिंग डिजिटल माध्यम से हो रही हैं। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे सुरक्षित वितरण सुनिश्चित करने के लिए डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) का उपयोग करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें।

कंपनियों ने जनता से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और सामान्य तरीके से ईंधन खरीदने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button