उत्तर प्रदेशवाराणसी

काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में चोरी करने वाली तीन महिलाएं गिरफ्तार, ₹31,800 बरामद

Shekhar Pandey

वाराणसी। थाना चौक पुलिस ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को निशाना बनाकर चोरी करने वाली तीन महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹31,800 नकद बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्ताओं ने मंदिर परिसर में चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

Advertisements

पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध व प्रभारी निरीक्षक थाना चौक दिलीप कुमार मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, 19 मई 2026 को एक महिला श्रद्धालु ने थाना चौक में शिकायत दर्ज कराई थी कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में तीन महिलाओं ने उसके बैग से ₹20 हजार चोरी कर लिए। मामले में थाना चौक पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर तीनों महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उनके पास से कुल ₹31,800 नकद बरामद हुए।

पूछताछ में अभियुक्ताओं ने बताया कि 19 मई को उन्होंने मंदिर परिसर में एक महिला श्रद्धालु के बैग से ₹20 हजार चोरी किए थे। चोरी की रकम का आपस में बंटवारा किया गया था। इसके अलावा उन्होंने 2 अप्रैल तथा 6 मई 2026 को मंदिर परिसर में महिलाओं की चेन चोरी की घटनाओं में भी शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, चोरी के आभूषण बेचकर प्राप्त रकम का हिस्सा ही बरामद किया गया है।

पुलिस ने तीनों अभियुक्ताओं के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम

  • प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक पुष्कर दुबे, उपनिरीक्षक अनूप कुमार राम, महिला उपनिरीक्षक मुन्नी कुमारी, कांस्टेबल कुँवर बहादुर सिंह, कांस्टेबल मानवेन्द्र सिंह, महिला कांस्टेबल शिवानी यादव, महिला कांस्टेबल रानी कुमारी 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button