Varanasi : एनसीसी कैडेटों ने ड्रिल, फायरिंग एवं रक्तदान कार्यक्रम में लिया भाग

Shekhar Pandey
वाराणसी। 91 यूपी बटालियन एनसीसी, मुगलसराय द्वारा आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-281) के पांचवें दिन कैडेटों के लिए विभिन्न सैन्य एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया गया। शिविर में सुबह के सत्र में ड्रिल, क्लास फायरिंग प्रतियोगिता तथा अन्य प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न कराए गए।
प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों को मैप रीडिंग, वीर योद्धाओं के प्रेरणादायक प्रसंग, ट्रैफिक कंट्रोल, करियर गाइडेंस तथा .22 रायफल को खोलने एवं जोड़ने की तकनीकी जानकारी प्रदान की गई।
शिविर के एडम ऑफिसर कर्नल एस. पूनिया ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कैडेटों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और शारीरिक दक्षता को विकसित करना है। उन्होंने कहा कि एनसीसी का लक्ष्य युवाओं को जिम्मेदार, सक्षम एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाला नागरिक बनाना है।
इस अवसर पर ट्रैफिक पुलिस वाराणसी के एसआई (ट्रैफिक) द्वारा कैडेटों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही 91 यूपी बटालियन के कैडेटों एवं पीआई स्टाफ ने रक्तदान शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर में युवाओं के भीतर राष्ट्रप्रेम, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मविश्वास विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त उन्हें विभिन्न मौसम एवं परिस्थितियों में स्वयं को ढालने का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंतर्गत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं खेलकूद गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण शिविर 15 मई से 24 मई तक संचालित हो रहा है।
इस दौरान एओ कर्नल सुखबीर पूनिया, कैप्टन डॉ. अंगद प्रसाद तिवारी, कैप्टन सत्यमूर्ति ओझा, कैप्टन कामेश सिंह, चीफ ऑफिसर अशोक त्रिपाठी, लेफ्टिनेंट हवलदार यादव, सेकेंड ऑफिसर सचिन सिंह यादव, सूबेदार मेजर जे.बी. थापा, ट्रेनिंग जेसीओ भूपेंद्र सिंह, बीएचएम भरत, मिलन थापा, सूबेदार चंद्रशेखर, हवलदार संजय कुशवाहा, नायब सूबेदार मिलन थापा, ओम गुरुंग सहित बटालियन के समस्त पीआई एवं सिविल स्टाफ उपस्थित रहे।







