पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी, सब्जी अनुसंधान संस्थान में किसानों ने देखा सीधा प्रसारण

Shekhar pandey
वाराणसी। भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (IIVR) में शनिवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 23वीं किस्त वितरण के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर (हुगली) से देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की।

संस्थान परिसर में बड़ी स्क्रीन के माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, कृषि विभाग के अधिकारियों, एफपीओ प्रतिनिधियों एवं छात्र-छात्राओं ने देखा। कार्यक्रम में वाराणसी और आसपास के जिलों के 310 से अधिक किसानों ने भाग लिया।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना छोटे एवं सीमांत किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों के स्वाभिमान और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को सम्मान देने वाली पहल है। उन्होंने महिला किसानों को मिलने वाले सीधे लाभ को भी महत्वपूर्ण बताया।
डॉ. राजेश कुमार ने किसानों से खेती में रासायनिक कीटनाशकों का कम से कम उपयोग करने तथा संस्थान द्वारा विकसित उच्च गुणवत्ता वाले सब्जी बीजों को अपनाने की अपील की। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिकों और कृषि अनुसंधान संस्थानों से जुड़कर कम लागत में अधिक उत्पादन और लाभ प्राप्त करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अनंत बहादुर, डॉ. राकेश कुमार दुबे एवं डॉ. सुदर्शन मौर्य ने किसानों को सब्जी उत्पादन की उन्नत तकनीकों, उच्च उत्पादक किस्मों, एकीकृत कृषि प्रणाली मॉडल तथा जलवायु अनुकूल खेती के बारे में जानकारी दी।
किसानों ने संस्थान के शोध प्रक्षेत्र का भ्रमण कर ‘काशी’ ब्रांड की उन्नत सब्जी किस्मों, जैविक उत्पादों एवं फसल सुरक्षा तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. नीरज सिंह ने किया। इस दौरान कज़ीचक ग्राम प्रधान अशोक कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में किसानों ने प्रधानमंत्री द्वारा प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से दी गई सहायता के लिए आभार व्यक्त किया।







