मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार में आए युवक से मारपीट, चौक पुलिस ने 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Shekhar pandey
वाराणसी। मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार में शामिल होने आए लोगों के साथ मारपीट के मामले में थाना चौक पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को 10 अक्टूबर को सिंधिया घाट के पास से पकड़ा। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना 9 अक्टूबर की है। पीड़ित पक्ष अपने बहनोई के अंतिम संस्कार के लिए मणिकर्णिका घाट आया था। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने एकराय होकर लाठी-डंडों से उसके भांजे पर हमला कर दिया। मारपीट में युवक बेहोश हो गया। उसे उपचार के लिए कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर चोटों के कारण बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना के संबंध में 10 अक्टूबर को पीड़ित पक्ष ने थाना चौक में प्रार्थना पत्र दिया। इसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 163/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद मामले में नामजद छह आरोपियों और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में बादल चौधरी, संदीप चौधरी उर्फ गोलू, शनि चौधरी, अनिल चौधरी, रविशंकर, यश चौधरी और शिवम चौधरी शामिल हैं। इनमें कुछ आरोपी वाराणसी के मीरघाट क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि अन्य वाराणसी के जंसा और गाजीपुर जिले के खानपुर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध और प्रभारी निरीक्षक थाना चौक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक हिमांशु मिश्रा , पुष्कर दुबे, विकास कुमार मिश्रा समेत थाना चौक के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
संबंधित मुकदमा: मु.अ.सं. 163/2026, धारा 115(2), 351(3), 109(1), 191(2) और 191(3) बीएनएस, थाना चौक, कमिश्नरेट वाराणसी।







