गुरु पूर्णिमा पर दिव्य श्रृंगार में विराजे बाबा विश्वनाथ, हर-हर महादेव से गूंजा धाम

वाराणसी। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर बाबा श्री काशी विश्वनाथ का विशेष श्रृंगार एवं भव्य आरती की गई। गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन संपन्न हुआ, जिससे पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो उठा।
मंदिर प्रशासन ने गुरु पूर्णिमा को लेकर विशेष व्यवस्थाएं की थीं। देर रात तक श्रद्धालुओं का दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहा। देश-विदेश से आए भक्तों ने बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की तथा “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा धाम गुंजायमान हो उठा।
विशेष आरती के दौरान बाबा विश्वनाथ को आकर्षक राजसी पोशाक एवं मनोहारी पुष्पों से सजाया गया। भक्तों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना कर गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व का पुण्य लाभ प्राप्त किया।







