Varanasi : एसीपी शिवहरी मीणा ने किया कानून-व्यवस्था, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था का उच्च स्तरीय औचक निरीक्षण, दिए सख्त दिशा-निर्देश

Shekhar Pandey
वाराणसी। शहर की कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, सुरक्षित व तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने पुलिस लाइन चौराहा–चौकाघाट मार्ग तथा नमो घाट क्षेत्र में मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पैदल गश्त, यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण, सुरक्षा कवरेज, तकनीकी अवसंरचना तथा पर्यटकों से जुड़ी व्यवस्थाओं का वास्तविक समय में गहन मूल्यांकन किया और मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

यातायात व्यवस्था का निरीक्षण : अतिक्रमण हटाने और सुचारु यातायात हेतु सख्त निर्देश

पुलिस लाइन चौराहे से चौकाघाट तक मुख्य मार्ग पर मीणा ने स्वयं सड़क पर उतरकर यातायात संचालन का निरीक्षण किया। उन्होंने अनावश्यक रुकावट, अवैध पार्किंग और ठेला/फेरी वालों द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण को तत्काल हटाया, पीक आवर्स में ट्रैफिक स्टाफ को लगातार सक्रिय रहने,जाम बनने से पूर्व ही त्वरित हस्तक्षेप करने, रिफ्लेक्टिव जैकेट, बॉडीकैम, सिग्नल बैटन व वायरलेस सेट का अनिवार्य उपयोग, और ब्लाइंड ज़ोन व संवेदनशील प्वाइंट्स पर अतिरिक्त बल की तैनाती के निर्देश दिए।

उन्होंने नगर निगम के सहयोग से अतिक्रमण हटाओ अभियान को तेज रखने, पुनः कब्जा रोकने के लिए CCTV आधारित निगरानी और फुटपाथों को पूर्णतया खाली रखने का आदेश दिया।
नमो घाट पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
नमो घाट पर मीणा ने पैदल गश्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का बिंदुवार निरीक्षण किया। उन्होंने घाट पर दुकानदारों, फेरी वालों और अस्थायी स्टॉलों का पहचान सत्यापन, संदिग्ध वस्तुओं की जांच, संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाने, CCTV कैमरों की स्थिति, नाइट विजन क्षमता और ICCC से कनेक्टिविटी की जांच, तथा आवश्यकतानुसार नए PTZ व हाई-रेजॉल्यूशन कैमरे लगाने के निर्देश दिए।
भीड़ का रियल-टाइम आकंलन करने हेतु AI आधारित फुटफॉल मॉनिटरिंग सिस्टम विकसित करने का सुझाव भी उन्होंने दिया।
टूरिस्ट गाइड्स का डिजिटल सत्यापन
पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु नमो घाट पर मौजूद सभी टूरिस्ट गाइड्स की आईडी और पंजीकरण सत्यापन कराया गया।
वैध आईडी न रखने वालों को तुरंत क्षेत्र से हटाया गया।
उन्होंने कहा “अनधिकृत व्यक्ति गाइडिंग कार्य न करें। अधिकृत गाइड्स यूनिफॉर्म व नेम बैज धारण करें और पर्यटकों से संवाद में शिष्टाचार बनाए रखें।”
महिला आरक्षियों के कार्य की सराहना
नमो घाट पर तैनात महिला आरक्षियों द्वारा महिला श्रद्धालुओं, पर्यटकों और बुजुर्गों को सहायता प्रदान करने, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा सुनिश्चित करने के कार्य की मीणा ने सराहना की। उन्होंने इसे उत्कृष्ट एवं संवेदनशील policing का उदाहरण बताया।
तकनीक आधारित सुरक्षा प्रणाली को मजबूत करने के निर्देश
उन्होंने पूरे शहर में 100% CCTV कवरेज,ड्रोन निगरानी, ANPR, ओवरस्पीडिंग सेंसर व रेड लाइट वॉयलेशन जैसी ITMS सुविधाओं का प्रभावी उपयोग, और जियो-टैग्ड पेट्रोलिंग को अनिवार्य बनाने के निर्देश भी जारी किए।
जनता से सहयोग की अपील
अपर पुलिस आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की “यातायात नियमों का पालन करें, अतिक्रमण न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सुरक्षित व व्यवस्थित वाराणसी सभी के सहयोग से ही संभव है।”
उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और उच्च अनुशासन के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा
वाराणसी की पहचान सुरक्षा, व्यवस्था और सौहार्द से है; इसे बनाए रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।



