उत्तर प्रदेशवाराणसी

रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा को लेकर GRP-RPF की संयुक्त बैठक, हॉटस्पॉट चिन्हित कर बढ़ाई जाएगी निगरानी

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण तथा यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रविवार को जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुंवर प्रभात सिंह और ASC RPF BSB अरविंद कुमार के नेतृत्व में हुई।

गोष्ठी में रेलवे क्षेत्र में अपराध की रोकथाम, अपराधियों पर कार्रवाई और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्टेशन, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, आउटर और अन्य संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी की कार्ययोजना तैयार की।

चिन्हित हॉटस्पॉट पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त गश्त बढ़ाने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित चेकिंग पर जोर दिया गया। इसके अलावा पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में सामने आए लोगों और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा दोनों सुरक्षा बलों के बीच सूचना तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में किसी भी आपराधिक घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी और आरपीएफ के बीच तत्काल समन्वय स्थापित कर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। दोनों सुरक्षा बलों की ड्यूटी लिस्ट का आपस में आदान-प्रदान किया गया, ताकि तैनाती वाले स्थानों की जानकारी दोनों टीमों को रहे और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहयोग किया जा सके।

अधिकारियों ने कहा कि रेलवे परिसर और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए संयुक्त गश्त, चेकिंग और निगरानी को और प्रभावी बनाया जाएगा।

बैठक में जीआरपी कैंट प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर, निरीक्षक पेशकार संजय कुमार मिश्रा, RPF वाराणसी प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार, RPF व्यासनगर प्रभारी निरीक्षक सुमन कुमार ठाकुर, RPF काशी चौकी प्रभारी लालजी यादव, जीआरपी काशी चौकी प्रभारी श्रीकांत यादव समेत जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button