Varanasi : दिव्यांश इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में होली मिलन व कवि सम्मेलन, साधना सिंह रहीं मुख्य अतिथि

Shekhar pandey
वाराणसी। पहाड़िया-बेला रोड स्थित दिव्यांश इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के सभागार में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें देश के प्रमुख रचनाकारों और कवियों ने अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद साधना सिंह तथा विशिष्ट अतिथि वाराणसी विकास प्राधिकरण के सदस्य अम्बरीष सिंह भोला रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की निदेशक सीमा सिंह ने की। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि साधना सिंह ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि साहित्य और संस्कृति से जुड़ी गतिविधियां छात्रों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कवि सम्मेलन में देश के ख्यातिलब्ध कवियों ने अपनी हास्य-व्यंग्य और होली से जुड़ी रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदा दिया। काव्य पाठ करने वालों में प्रमुख रूप से दमदार बनारसी, नागेश शांडिल्य, डॉ. सुरेश अकेला, प्रशांत बजरंगी, ओंकार शर्मा कश्यप और सादिया एकरा सहित अन्य कवि शामिल रहे। कवि सम्मेलन का संचालन दमदार बनारसी ने किया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित पत्रकार वार्ता में विद्यालय की निदेशक सीमा सिंह और प्रधानाचार्य निम्मी चतुर्वेदी ने बताया कि इस वर्ष से विद्यालय में सीबीएसई के अंतर्गत कक्षा 11वीं में विज्ञान, वाणिज्य और मानविकी संकाय की पढ़ाई शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा तथा मेधावी छात्रों को स्कॉलरशिप भी प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत विद्यालय की सचिव सुभाष सिंह ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्रम और स्मृति चिन्ह देकर किया। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक सिंह ने किया तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाचार्य निम्मी चतुर्वेदी ने किया।
कार्यक्रम में विनय सिंह, सौम्या रघुवंशी, वर्षा मिश्रा, शिवेंद्र श्रीवास्तव, शक्तिधर पांडेय, इशांत, अर्चना मिश्रा, नितेश साहू, रोशनी सिंह सहित अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



