वाराणसी में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने को पुलिस आयुक्त का निरीक्षण, 1037 वाहनों का चालान

Shekhar Pandey
वाराणसी। शहर में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने गुरुवार को पुलिस ऑफिस से कचहरी मार्ग तक कलर कोडेड पार्किंग व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान कचहरी परिसर स्थित मल्टी-स्टोरी बाइक पार्किंग की निर्माण गुणवत्ता, क्षमता और सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा सीसीटीवी निगरानी सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिवक्ताओं के लिए निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराने और उल्लंघन होने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।

पुलिस आयुक्त ने पुलिस ऑफिस के पास बिना नंबर प्लेट खड़े वाहनों को सीज करने और संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश भी दिए। इसके बाद उन्होंने रामनगर क्षेत्र का भ्रमण कर रामनगर चौराहा से किला तक यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया और सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण हटाने, दुकानदारों को सड़क पर वाहन न खड़ा कराने तथा अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए।

इस दौरान चलाए गए विशेष अभियान में गलत दिशा में वाहन चलाने पर पांच वाहनों को सीज कर 506 वाहनों का चालान किया गया। इसके अलावा 32 चारपहिया वाहनों पर लगी काली फिल्म के विरुद्ध कार्रवाई, 238 अवैध पार्किंग वाले वाहनों का चालान (पांच सीज सहित) और 24 बिना नंबर प्लेट डंपरों पर कार्रवाई की गई। बिना नंबर प्लेट चल रहे 31 वाहनों को सीज कर 156 का चालान किया गया, जबकि हाईवे व सड़कों पर खड़े 66 वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों से 153 अवैध अतिक्रमण हटाए गए। कुल मिलाकर इस कार्रवाई में 1037 वाहनों का चालान और 42 वाहनों को सीज किया गया। अभियान में सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई।





