उत्तर प्रदेशवाराणसी

अवतरण दिवस पर 55 जोड़ों का सामूहिक विवाह

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। दहेज प्रथा और खर्चीली शादियों के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच सामूहिक विवाह अब समाज में एक मजबूत विकल्प के रूप में उभर रहा है। इसी कड़ी में रविन्द्रपुरी स्थित विश्वविख्यात अघोरपीठ ‘बाबा कीनाराम स्थल, क्रीं-कुण्ड’ में अघोराचार्य महाराज श्री बाबा सिद्धार्थ गौतम राम जी के ‘अवतरण दिवस’ के अवसर पर 55 जोड़े विवाह के पवित्र बंधन में बंधे।

कार्यक्रम की शुरुआत रात्रि 7:45 बजे अघोराचार्य महाराजश्री बाबा सिद्धार्थ गौतम राम जी के अवतरण दिवस के आयोजन से हुई। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद सामूहिक विवाह समारोह का शुभारंभ हुआ।

‘अघोराचार्य बाबा कीनाराम अघोर शोध एवं सेवा संस्थान’ के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर से चयनित 55 जरूरतमंद परिवारों के युवक-युवतियों का विवाह कराया गया। इस आयोजन की विशेषता यह रही कि वर-वधू पक्ष को किसी भी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ा। आवागमन से लेकर विवाह की सभी व्यवस्थाएं संस्थान और सहयोगियों द्वारा की गईं।

दोपहर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हल्दी की रस्म सम्पन्न कराई गई। महिला मंडल की सदस्य एवं संयोजिका श्रीमती रूबी सिंह के नेतृत्व में लोकगीतों के माध्यम से कार्यक्रम को सांस्कृतिक माहौल प्रदान किया गया।

रात्रि 8 बजे से भव्य भोजन, आकर्षक साज-सज्जा और बड़ी स्क्रीन के माध्यम से पूरे परिसर में कार्यक्रम का प्रसारण किया गया, जिससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया।

संस्थान की देशभर में फैली शाखाओं के माध्यम से इस आयोजन की जानकारी दूरस्थ और अति-विपन्न क्षेत्रों तक पहुंची, जिससे वास्तविक जरूरतमंद परिवारों का चयन संभव हो सका।

कार्यक्रम में प्रियदर्शी बाबा, कर्मवीर बाबा, अवधूत अरुण गिरी महाराज, शाही बाबा, अरुण सिंह, अनूप कुमार सिंह एवं श्रीमती रूबी सिंह की विशेष उपस्थिति रही। प्रशासनिक अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद नजर आए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button