मुख्यमंत्री से मिले सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति, ‘गोरक्षसंहिता’ भेंट

Shekhar Pandey
लखनऊ। प्रो. बिहारी लाल शर्मा, कुलपति सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय ने रविवार को योगी आदित्यनाथ से लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित महत्वपूर्ण ग्रंथ ‘गोरक्षसंहिता’ मुख्यमंत्री को भेंट किया।
भेंटवार्ता में कुलपति ने विश्वविद्यालय में संचालित शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अधोसंरचनात्मक विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने परिसर में चल रहे निर्माण कार्य, नई शैक्षिक योजनाओं तथा भविष्य की कार्ययोजनाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वविद्यालय की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे भारतीय ज्ञान परंपरा के संवर्धन का महत्वपूर्ण केंद्र बताया। साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय के समग्र विकास हेतु राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।











