घमहापुर हत्याकांड के बाद फूलपुर में हाई अलर्ट, पुलिस आयुक्त ने किया निरीक्षण

Shekhar Pandey
वाराणसी, 6 मई। थाना फूलपुर क्षेत्र के घमहापुर में हुई हत्या के बाद उत्पन्न तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल ने स्वयं मौके पर पहुंचकर क्षेत्र का भ्रमण एवं निरीक्षण किया और कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और तैनात पुलिस बल को सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना फूलपुर क्षेत्र में तैनात रिक्रूट आरक्षियों को लॉ एंड ऑर्डर ड्यूटी के संबंध में विस्तृत ब्रीफिंग देते हुए हेलमेट, डंडा, बॉडी प्रोटेक्टर और असलहों के साथ पूरी तैयारी में रहने को कहा।
पुलिस आयुक्त ने सभी थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को दंगा नियंत्रण उपकरण, टियर गैस, पिस्टल गन और एंटी राइट गन सहित आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
बिना अनुमति प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को लेकर भी पुलिस सतर्क नजर आई। पुलिस आयुक्त ने जनपद के विभिन्न संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर पुलिस बल को बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भीड़ में शामिल अराजकतत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी जुलूस, रैली या प्रदर्शन को किसी भी स्थिति में अनुमति नहीं दी जाएगी और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) श्री शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन श्री गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन श्री प्रमोद कुमार, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन श्रीमती नीतू सहित अन्य अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहे।









