पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के PA की गोली मारकर हत्या, राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज

— निष्पक्ष काशी
कोलकाता/मध्यग्राम। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद जारी राजनीतिक तनाव के बीच भाजपा नेता एवं नेता प्रतिपक्ष Suvendu Adhikari के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या किए जाने की खबर सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्यग्राम क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ पर कथित रूप से 3 से 4 राउंड फायरिंग की। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बताया गया है कि हमले में शुभेंदु अधिकारी के निजी सुरक्षा अधिकारी बुधदेव भी घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए शुभेंदु अधिकारी ने इसे “सोची-समझी हत्या” बताया है। वहीं भाजपा नेताओं ने इस मामले को लेकर सत्तारूढ़ टीएमसी पर आरोप लगाए हैं। हालांकि, टीएमसी की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
यह घटना 2026 विधानसभा चुनाव परिणामों के तुरंत बाद सामने आई है, जिसके कारण राज्य में राजनीतिक माहौल और अधिक गर्म हो गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद शुभेंदु अधिकारी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की।



